हिमानी सिंह ने जीता मिसेज इंडिया का खिताब, अब इंटरनेशनल मंच की तैयारी
11/07/2025 11:32 AM Total Views: 25931

भोपाल: राजधानी की फिटनेस ट्रेनर हिमानी सिंह ने मिसेज इंडिया एम्प्रेस ऑफ द नेशन 2025 का खिताब जीतकर मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 29 जून को पुणे में किया गया था, जहां बॉलीवुड अभिनेता तनिषा मुखर्जी और रोहित रॉय बतौर सेलिब्रिटी जज शामिल हुए। आयोजन का संचालन अंजना मस्कारेनस और कार्ल मस्कारेनस ने किया। हिमानी ने प्रतियोगिता में 53 प्रतिभागियों के बीच गोल्ड कैटेगरी में जीत हासिल की। प्रतियोगिता के विभिन्न दौरों में उन्हें रैम्प वॉक, इंटरव्यू और क्वेश्चन-आंसर राउंड से गुजरना पड़ा, जिनमें उन्होंने आत्मविश्वास और संवाद शैली के बल पर बाजी मारी। हिमानी का कहना है कि इस सफर में उन्हें कई ग्रूमिंग सेशन्स का हिस्सा बनना पड़ा, जिसने न केवल उनकी प्रस्तुति को निखारा, बल्कि आत्म-स्थिति को भी मजबूती दी। उनके अनुसार इस मंच पर केवल सुंदरता नहीं, बल्कि सोचने की क्षमता, मंच पर उपस्थिति और प्रतिस्पर्धियों के प्रति व्यवहार को भी प्रमुखता दी जाती है। विशेष रूप से क्वेश्चन- आंसर राउंड सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण होता है, जहां प्रतिभागी के आत्मबल और दृष्टिकोण की असली परीक्षा होती है। हालांकि प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार नहीं दिया गया, लेकिन प्रतिभागियों को ब्रांड कोलैबोरेशन और स्पॉन्सरशिप के कई अवसर प्रदान किए जाते हैं। हिमानी इससे पहले वर्ष 2024 में मिसेज मध्यप्रदेश का खिताब भी जीत चुकी हैं। पेशे से वह एक प्रमाणित ज़ुम्बा ट्रेनर और फिटनेस कोच हैं, जो ऑनलाइन क्लासेस के जरिए लोगों को फिटनेस की दिशा में मार्गदर्शन देती हैं। वह मानती हैं कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके परिवार की अहम भूमिका रही है। उनके पति शिवेंद्र सिंह, जो कि एक सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं, उनके बेटे, माता-पिता और ससुराल पक्ष ने उन्हें हर कदम पर समर्थन और हौसला दिया। साथ ही उनके मेंटर्स- अंजना मस्कारेनस, कार्ल मस्कारेनस, फर्हा अनवर, डेनिश सर और मनीषा आनंद ने उनके आत्मविश्वास को मजबूती दी। मंच से उतरने के बाद हिमानी ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य इंटरनेशनल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच भी खुद को साबित किया जा सकता है, जरूरत सिर्फ जुनून और आत्मविश्वास की है।
खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
जो करता है एक लोकतंत्र का निर्माण।
यह है वह वस्तु जो लोकतंत्र को जीवन देती नवीन
हिमानी सिंह ने जीता मिसेज इंडिया का खिताब, अब इंटरनेशनल मंच की तैयारी
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129





