भांडेर 16 april 2026। भांडेर में आवारा पशुओं का खतरा अब आमजन के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। ताजा मामला लहार रोड पुल के पास का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध पर अचानक आवारा सांड और गाय ने हमला कर दिया। इस हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल वृद्ध की पहचान उमेश तिवारी के रूप में हुई है, जो रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लहार रोड स्थित पुल के पास पहुंचे, वहां घूम रहे एक आवारा सांड और गाय ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

Featured Image

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड ने सीधे सिर और माथे पर जोरदार वार किया, जिससे उमेश तिवारी के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। घायल अवस्था में भी उन्होंने हिम्मत दिखाई और पास ही स्थित एक मठ तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वहां पहुंचते ही वह अचानक गिर पड़े। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट कपिल दुबे और पुलिस स्टाफ के शुक्लाल ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्ध को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि इलाज के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया है। खास बात यह रही कि हादसे के बाद भी आवारा पशु सड़क पर घूमते रहे, जिससे राहगीरों में दहशत बनी रही। कुछ समय के लिए लहार रोड पर यातायात भी लगभग ठप हो गया था, क्योंकि लोग डर के कारण वहां से गुजरने से बचते नजर आए। यह कोई पहला मामला नहीं है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सराफा बाजार क्षेत्र में भी एक वृद्ध व्यक्ति आवारा सांड के हमले में घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर नगर प्रशासन इस समस्या को लेकर कितनी गंभीरता से काम कर रहा है 🤔 स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में पर्याप्त गौशालाओं की व्यवस्था नहीं होने के कारण आवारा पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं। ये पशु न सिर्फ यातायात में बाधा बनते हैं, बल्कि कई बार लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। 🔖 टैग्स: