नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर ने पनामा में भारत की आतंकवाद के खिलाफ नई नीति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि अब महात्मा गांधी का देश भी दूसरा गाल आगे नहीं करेगा, बल्कि हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा। उन्होंने यह बयान उस समय दिया जब वे पनामा में एक सर्वदलीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे। पनामा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान थरूर ने कहा, ‘महात्मा गांधी ने हमें सिखाया था कि हमें अपने अधिकारों के लिए निडर होकर खड़ा होना चाहिए। आज के समय में आतंकवाद के खिलाफ भी हमें उसी साहस की जरूरत है। भारत अब आतंकवादी हमलों को बिना जवाब के नहीं छोड़ेगा।’ थरूर ने आगे कहा कि आतंकवादियों की ये हरकतें कोई धार्मिक या राजनीतिक मकसद पूरा नहीं कर सकतीं और दुनिया को यह समझना चाहिए कि भारत अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। शशि थरूर ने हाल में हुए

Featured Image

पाकिस्तान स्पॉन्सर्ड पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कहा कि यह हमला कश्मीर की फल-फूलती अर्थव्यवस्था को तोडऩे की कोशिश थी। उन्होंने कहा, ‘यह आतंकी हमला उन कुटिल उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया गया जिसे पाकिस्तानी सेना कश्मीर को अस्थिर करने के लिए लंबे समय से करती आई है।’ उन्होंने यह भी बताया कि वाशिंगटन में भारत के एक राजदूत ने उन्हें बताया कि पहलगाम में कोलोराडो के एस्पेन से ज्यादा पर्यटक आते हैं और आतंकियों का मकसद यही पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना था। थरूर ने पाकिस्तान की दोहरी नीति पर भी तीखा हमला बोला और बताया कि भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर में जब आतंकी मारे गए, तो उनके अंतिम संस्कार में पाकिस्तानी सेना और पुलिस के उच्च अधिकारी शामिल हुए। थरूर ने कहा, ‘इनमें से एक व्यक्ति संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित सूची में शामिल था। क्या आप ऐसे लोगों के लिए शोक मनाते हैं जिन्हें आप नहीं जानते?’ शशि थरूर ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान कैसे निर्दोष होने का दावा कर सकता है जबकि उसकी सेना आतंकवादियों को खुलेआम सम्मान देती है।